ग्राम खेरौदा में कुआँ धंसने से एक किसान की मौत

स्वास्तिक न्यूज़ पोर्टल @ त्योंदा रविकांत उपाध्याय/

विदिशा जिले की त्योंदा तहसील अंतर्गत खेरोदा गांव में मंगलबार को कुआं धंसने से मलबे में दबने से एक किसान की मौत हो गई। चार घण्टे की मशक्कत के बाद प्रशासन व आपदा प्रवंधन टीम ने उसके शव को रेस्क्यू के बाद निकाला और पीएम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का इस दुःखद घटना से रो- रोकर बुरा हाल है। प्रशासन आरबीसी के प्रावधानों के तहत सहायता राशि देने की बात कह रहा है।

जानकारी के अनुसार  ग्राम खेरोदा निवासी 40 वर्षीय राजाराम कुर्मी अपने खेत पर मसूर की फसल में सिंचाई करने के लिए गया था। खेत पर बने कुएं में पानी की मोटर में कुछ खराबी आने पर मृतक कुएं के किनारे खड़े होकर उस मोटर को सुधारने लगा। इसी दौरान अचानक कुआं धसक गया और किसान राजाराम कुर्मी भी मलबे के साथ कुएं में गिर गया। ग्रामीणों के अनुसार यह कुआं करीब 30 फीट गहरा था और उसमें करीब 20 फीट तक पानी भरा हुआ था। सूचना मिलने पर करीब आधे घंटे बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। किसानों ने तीन मोटर पंप के जरिए कुएं से पानी निकाल लिया था। प्रशासन की टीम ने पोकलेन मशीन से कुएं के आसपास खुदाई कराई और दोपहर में किसान के शव को बाहर निकाल कर पीएम के बाद परिजनों को सौप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

त्योंदा तहसीलदार दिलीप जड़िया का कहना है कि हादसे में मृत किसान का शव रेस्क्यू कर निकाला गया। मृतक के परिजनों को सहायता राशि दी जाएगी।