राष्ट्रपति से सम्मानित होंगे अक्षय तिवारी

स्वास्तिक न्यूज़ पोर्टल @गंजबासौदा रमाकांत उपाध्याय/

युवा प्रचंड शक्ति प्रवाह से कर्म पथ पर चलता है, तो उसकी सद्वृत्ति से पूरा नगर, समाज व राष्ट्र शोभा पाने लगता है। इस बात को चरितार्थ कर प्रत्यक्ष उदाहरण बन चुके हैं विदिशा जिले की गंजबासौदा के निवासी राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवक अक्षय कुमार तिवारी।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देश भर के 40 लाख से अधिक रासेयो स्वयंसेवकों के बीच से अक्षय का चयन राष्ट्रीय स्तर पर प्रदान किये जाने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार के लिए किया गया है। उनको यह पुरस्कार उनके द्वारा किये गए समाजिक सरोकार व सामुदायिक विकास के असाधारण सेवा कार्यों हेतु प्रदान किया जा रहा है। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस 24 सितम्बर को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में यह पुरस्कार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा अक्षय को रासेयो पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह नगर के लिए बड़े ही गौरव की बात है।


एक मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले अक्षय पूर्व से ही नगर व राज्य का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर चुके हैं। वर्ष 2019 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड शिविर के लिए मध्यप्रदेश से चयनित हुए व राजपथ से महामहिम राष्ट्रपति को सलामी दी। उनके द्वारा किये गए उत्कृष्ट कार्यों व प्रतिभा के आधार पर भारत सरकार द्वारा उनका चयन भारत के युवा राजदूत के रूप मेंे किया गया व अंतरराष्ट्रीय युवा विनिमय कार्यक्रम 2019 में चीन में भारत का प्रतिनिधित्व किया। अक्षय ने उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान, भोपाल से अपनी स्नातक की पढ़ाई पूर्ण की है व वर्तमान में प्रशासनिक सेवाओं हेतु तैयारी कर रहे हैं। वे मूलतः नगर के मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। उनके पिता मनोज कुमार तिवारी एक शिक्षक व माता सविता तिवारी गृहिणी हैं। अक्षय की इस विशेष उपलब्धि पर रासेयो क्षेत्रीय निदेशक ए एस कबीर, राज्य रासेयो अधिकारी डॉ. आर के विजय, बरकतउल्ला विश्यविद्यालय रासेयो कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनंत कुमार सक्सेना, मुक्त इकाई कार्यक्रम अधिकारी व राज्य ईटीआई प्रशिक्षक राहुल सिंह परिहार, एक्सीलेंस कॉलेज भोपाल के संचालक डॉ एस एस विजयवर्गीय, कार्यक्रम अधिकारी डॉ इंदिरा बर्मन उनके परिजन एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उन्ाके उज्जवल भविष्य की कामना की है।