Khajuraho दुनिया की सभी समस्याओं का समाधान आपसी एवं परस्पर स्नेहिल भावना से संभव: मुख्यमंत्री

KHAJURAHO madhya pradesh RAMAKANT UPADHYAY 9893909059

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जी-20 देशों के प्रतिनिधियों को संबोधित किया, विश्व की धरा पर हम सब एक है
  • मुख्यमंत्री ने खजुराहो में सांस्कृतिक गाँव आदिवर्त का लोकार्पण किया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि दुनिया की सभी समस्याओं का समाधान आपसी एवं परस्पर स्नेहिल भावना से संभव है। विश्व की धरा पर हम सब एक हैं। देश का खानपान, संस्कार, संस्कृति अलग हो सकते हैं लेकिन हम सब एक हैं। विश्व के लोगों में वसुधैव कुटुंबकम के विचार प्रभावी हो जाये तो आपसी भेदभाव, लड़ाई, झगड़े सब बंद हो सकते हैं। सीमावर्ती देश लड़ना छोड़ सकते हैं, मनुष्य एक है तो भेदभाव क्यों। मुख्यमंत्री आज विश्व धरोहर स्थल खजुराहो में जी-20 समिट में भाग लेने आये सदस्य एवं विदेशी अतिथि देशों के प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कला, संस्कृति, संगीत, नृत्य मन को असीम आनंद देते हैं। मन के आनंद से दूसरे की भलाई कर अपूर्व आनंद का सुख मिलता है, जिनके पास ज्यादा है वह ऐसे लोग जिन्हें जरूरत है उनकी मदद करें। दूसरे की मदद कर मन को प्रसन्नता होती है।

कला की राजधानी है खजुराहो और अद्भुत है खजुराहो महोत्सव

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि खजुराहो कला की राजधानी है और खजुराहो महोत्सव का आयोजन अद्भुत है। खजुराहो के मंदिर शरीर, मन और आत्मा को सुकून देते हैं। आपने खजुराहो के जी-20 समिट में सांस्कृतिक प्रथम कार्य समूह की बैठक किये जाने पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भारत के विचार विश्व-कल्याण के लिये है। पीड़ित, व्यथित व्यक्ति का कैसे कल्याण हो। हाल ही में तुर्की में आये भूकंप में प्रधानमंत्री ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए हर संभव मदद की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खजुराहो में जी-20 समिट में विभिन्न देशों के डेलीगेट्स को बुलाने पर केन्द्रीय संस्कृति मंत्री का आभार प्रकट किया।

केन्द्रीय संस्कृति मंत्री किशन रेड्डी ने आत्मीय संबोधन में जी-20 समिट में आये डेलीगेट्स का आभार प्रकट किया। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, केन्द्रीय संस्कृति एवं विदेश राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी, प्रदेश के एमएसएमई एवं छतरपुर जिला प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, खजुराहो सांसद श्री व्ही.डी. शर्मा भी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री ने खजुराहो में सांस्कृतिक गाँव आदिवर्त का लोकार्पण किया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज छतरपुर जिले के खजुराहो में जी-20 संस्कृति कार्य समूह की बैठक के आयोजन के अवसर पर मध्यप्रदेश के जनजातीय एवं लोक कला राज्य संग्रहालय सांस्कृतिक गाँव आदिवर्त का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आदिवर्त पहुँच कर सर्वप्रथम बड़ादेव और बूढ़ी दाई की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया।

संस्कृति विभाग द्वारा आदिवर्त को मध्यप्रदेश जनजातीय एवं लोक कला राज्य संग्रहालय के रूप में परिकल्पित किया गया है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, जिले के प्रभारी एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा सहित अनेक विशिष्टजन उपस्थित थे। सांस्कृतिक गाँव आदिवर्त के पहले चरण में 7 जनजातियों के गाँव के परिदृश्य को शामिल किया गया है।

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आदिवर्त गाँव की लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कर लिखंदरा प्रदर्शनी, संग्रहालय और संगीत नृत्य दीर्घा का अवलोकन भी किया। जनजातीय वर्ग के आवासों में पहुँच कर उनके रहन-सहन और संस्कृति को देखा। मुख्यमंत्री ने चित्रकला दीर्घा का अवलोकन भी किया, जहाँ जनजातीय वर्ग की लोक कला चित्रांकन के जरिए प्रदर्शित है। श्री चौहान ने अगरिया जनजाति की शिल्प कला की प्रक्रिया को भी देखा। मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों ने सांस्कृतिक गाँव आदिवर्त की सराहना की।

आदिवर्त में प्रदेश की प्रमुख जनजातियों, क्रमशः गोंड, बैगा, भील, भारिया, कोरकू, कोल एवं सहरिया के साथ पाँचों सांस्कृतिक अंचल क्रमशः बघेलखंड, बुंदेलखंड, मालवा, निमाड़ एवं चंबल के प्रतिनिधिक आवासों और जीवन उपयोगी वस्तुओं का निर्माण कर प्रदर्शित किया गया है।

लोक धुनों पर थिरके मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री चौहान खजुराहो में आदिवर्त जनजातीय लोक कला राज्य संग्रहालय के लोकार्पण समारोह में स्थानीय लोक कलाकारों के साथ लोक धुनों पर थिरके। उन्होंने ढोल भी बजाया और नृत्य कर कलाकारों का उत्साह वर्धन किया।

संचालक, संस्कृति अदिति कुमार त्रिपाठी ने कहा कि आदिवर्त संग्रहालय के माध्यम से जनजातीय कलाकारों को स्थानीय उत्पाद और पेंटिंग इत्यादि के विक्रय का बेहतर मौका मिलेगा। इससे कलाकारों की आजीविका भी सुदृढ़ होगी। कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा सामूहिक नृत्य भी प्रस्तुत किए गए। संभागायुक्त मुकेश कुमार ने शुक्ला, आईजी प्रमोद शर्मा, कलेक्टर संदीप जी.आर., एसपी सचिन शर्मा सहित स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे।