Bhopal मैंने ही किया था भूमि-पूजन, मैं ही कर रहा हूँ लोकार्पण – नगरीय विकास मंत्री 

न्यू मार्केट में 7 करोड़ 47 लाख की लागत के कार्यों का भूमि-पूजन/लोकार्पण

स्वास्तिक न्यूज़ पोर्टल @ भोपाल मध्यप्रदेश रमाकांत उपाध्याय/9893909059

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने न्यू मार्केट में 36 चबूतरों पर 2 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से निर्मित व्यावसायिक शॉपिंग कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया। श्री सिंह ने 2 करोड़ 84 लाख की लागत से निर्मित होने वाले व्यावसायिक शॉपिंग कॉम्पलेक्स और 95 लाख 89 हजार की लागत के न्यू मार्केट की विभिन्न गलियों के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मैंने ही 36 चबूतरों पर निर्मित शॉपिंग कॉम्पलेक्स का भूमि-पूजन किया था और आज मैं ही इसका लोकार्पण कर रहा हूँ। उन्होंने समय-सीमा में कार्य करने पर नगर निगम के अधिकारियों को बधाई दी।

न्यू मार्केट भोपाल ही नहीं, पूरे प्रदेश की है शान

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने कहा कि न्यू मार्केट भोपाल ही नहीं, पूरे प्रदेश की शान है। उन्होंने कहा कि बाहर से भोपाल आने वाले लोग न्यू मार्केट जरूर जाते हैं। उन्होंने कहा कि 36 चबूतरों पर बने कॉम्पलेक्स में पुराने व्यवसायियों के साथ ही नये व्यवसायियों को भी रोजगार मिलेगा। श्री सिंह ने कहा कि यहाँ पर पहला अधिकार यहाँ के व्यापारियों का है। अत: इन्हें प्राथमिकता दी जाये।

शांति का टापू है मध्यप्रदेश

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर है, इससे व्यापार करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान नगरों के विकास के लिये सतत प्रयत्नशील रहते हैं। श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में नये-नये उद्योग स्थापित हो रहे हैं। कोरोना काल के बावजूद इस वर्ष लगभग 48 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है।

जल्द आयेगा भोपाल का मास्टर प्लान

श्री सिंह ने कहा कि भोपाल का मास्टर प्लान जल्द आयेगा। भोपाल को महानगर के रूप में विकसित किया जायेगा। वर्ष 2023 में मेट्रो शुरू हो जायेगी। इंदौर की तरह भोपाल के नागरिकों में भी स्वच्छता का भाव आना चाहिये, जिससे इंदौर की तरह भोपाल भी स्वच्छ सर्वेक्षण में नम्बर-1 पर आये। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में स्वच्छ प्रतिष्ठान सर्वेक्षण जारी है। सबसे स्वच्छ प्रतिष्ठान को सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कचरे का उचित प्रबंधन किया जा रहा है।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आवासों की कम्पाउंडिंग 10 से बढ़ाकर 30 प्रतिशत की गई है। वर्ष 2016 से पहले बनी अनाधिकृत कॉलोनियों को वैध किया जा रहा है। इससे रहवासियों को अनेक सुविधाएँ मिलेंगी। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएँ भी सुनी।

विधायक पी.सी. शर्मा ने कहा कि नगरीय विकास मंत्री समस्याओं का त्वरित समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि नवीन कॉम्पलेक्स बनने से व्यापारियों और उपभोक्ताओं को सुविधा होगी। नगर निगम भोपाल के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह चौहान ने कहा कि टी.टी. नगर को तात्या टोपे नगर के नाम से जाना जाये।

नगर निगम आयुक्त के.व्ही.एस. चौधरी ने बताया कि 36 चबूतरों के स्थान पर 59 दुकानों का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि नागरिक सहकारी बैंक के स्थान पर बनने वाले शॉपिंग कॉम्पलेक्स में 50 दुकानें एवं 2 हॉल का निर्माण किया जायेगा। न्यू मार्केट की विभिन्न गलियों में पेवर ब्लॉक लगाने के साथ ही शी-लाउंज बनाया जायेगा। साथ ही अन्य विकास कार्य भी किये जायेंगे। इस दौरान जन-प्रतिनिधि एवं व्यापारी बंधु उपस्थित थे।