राष्ट्र शहीद पुलिस कर्मियों के प्रति कृतज्ञ – Governor

सरकार और समाज शहीदों के परिजनों के साथ  राज्यपाल शामिल हुए पुलिस स्मृति दिवस परेड कार्यक्रम में

स्वास्तिक न्यूज़ पोर्टल @भोपाल रमाकांत उपाध्याय/ 

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि राष्ट्र की सेवा में प्राणों की आहूति देने वाले शहीद पुलिस कर्मियों के प्रति सारा राष्ट्र कृतज्ञ है। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज सदैव शहीदों के परिजनों के साथ है। श्री पटेल आज लाल परेड ग्राउंड में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड-2021 को संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ बनाये रखने में पुलिस प्रशासन द्वारा सराहनीय प्रयास किये जा रहे हैं। अपराधों की त्वरित विवेचना और अपराधियों को सजा दिलाने में वृद्धि, प्रदेश पुलिस की सक्रियता से ही संभव हुई है। उन्होंने कहा कि हम सभी के लिये यह गर्व की बात है कि प्रदेश पुलिस की गणना देश के श्रेष्ठ बलों में की जाती है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यों से जो पहचान आपने स्थापित की है उसे और अधिक निखारनें के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने प्रदेश पुलिस के नवाचार डायल-100 की सराहना करते हुए कहा कि ऑनलाइन चरित्र सत्यापन और ई-एफ.आई.आर. से आम नागरिकों को फायदा हुआ है। राज्यपाल श्री पटेल ने प्रदेश में दस्यु समस्या और नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता के लिए पुलिस की सराहना की। उन्होंने पुलिस द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में महिला थाना तथा सात सौ महिला ऊर्जा डेस्क की स्थापना किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर राज्यपाल श्री पटेल ने वर्ष 2020-21 के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के परिजनों से भेंट कर उनके प्रति सांत्वना व्यक्त की।

पुलिस महानिदेशक  विवेक जौहरी ने अपने सम्बोधन में बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स जैसे दुर्गम क्षेत्र में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों का दल चीनी सेना से मुठभेड़ में शहीद हुआ था। उन्हीं की स्मृति में देश की समस्त पुलिस इकाइयों द्वारा यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष म.प्र. पुलिस के 15 जवान अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए शहीद हुए है। उन्होंने शहीदों के परिजनों को आश्वस्त किया कि म.प्र. पुलिस सदैव उनके साथ है और नियमानुसार उन्हें सुविधाएँ और सहायता उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है।

कार्यक्रम का प्रारम्भ पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत राष्ट्र धुन के साथ हुआ। तत्पश्चात पाल-बेयरर पार्टी द्वारा राज्यपाल श्री पटेल को शहीद जवानों की सम्मान सूची सौंपी और परेड स्मारक को सलामी देकर उनके प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की गई। राज्यपाल श्री पटेल, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक  विवेक जौहरी सहित पुलिस के अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी।